रांची में प्रस्तावित बौद्ध महिला यूनिवर्सिटी का हुआ भूमि पूजन, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले बोले- विश्व में अनूठी होगी पहल

रांची: बरियातू रोड स्थित मिशन कैंपस में शुक्रवार को वर्ल्ड बुद्धा फाउंडेशन की ओर से प्रस्तावित बौद्ध महिला यूनिवर्सिटी के निर्माण को लेकर भूमि पूजन एवं फाउंडेशन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने विधिवत भूमि पूजन कर विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने प्रस्तावित विश्वविद्यालय की अवधारणा को अनूठा बताते हुए कहा कि उन्हें दी गई जानकारी के आधार पर उनकी जानकारी में विश्व में इस तरह की कोई अन्य यूनिवर्सिटी नहीं है। उन्होंने बताया कि इस विश्वविद्यालय में शुरुआती दाखिला 3 से 8 वर्ष की आयु की बच्चियों को दिया जाएगा। इसके बाद छात्राएं क्रमवार कक्षाओं में शिक्षा प्राप्त करते हुए उच्च शिक्षा के स्तर तक पहुंचेंगी और अपने निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप व्यवसाय, व्यापार, उद्यम या सेवा के क्षेत्र में स्थापित होकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।

वहीं, संस्था के अध्यक्ष डॉ. हरिश सांकृत्यायन ने कहा कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है। यहां छात्राओं को शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष बनाने के साथ-साथ व्यावसायिक शिक्षा भी प्रदान की जाएगी, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें. उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय में प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक अध्ययन की व्यवस्था होगी। छात्राओं को शिक्षा के साथ विभिन्न कौशलों से जोड़कर सर्वगुण संपन्न बनाने का प्रयास किया जाएगा। इससे छात्राओं को अपने पैरों पर खड़ा होने में मदद मिलेगी और बेहतर एवं विकसित समाज के निर्माण में योगदान मिलेगा।


















