1.485 किलो अफीम के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, 7.50 लाख की अफीम जब्त

चतरा: जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को 1.485 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 7.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने प्रेसवार्ता में बताया कि 2 सितंबर 2026 को चतरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग थाना क्षेत्र के जोभी टोला बेहराबाद में भगन गंझु के घर में अवैध रूप से अफीम का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए घर में छापेमारी की। इस दौरान वहां से 1.485 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने मौके से अभियुक्त के परिजन का आधार कार्ड भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान पचिया देवी (50 वर्ष), पति भगन गंझु, निवासी जोभी टोला बेहराबाद, थाना लावालौंग, जिला चतरा के रूप में हुई है।

इस संबंध में लावालौंग थाना में कांड संख्या 66/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 18(c), 27(A) एवं 29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। छापामारी दल में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब, पुअनि चंदन कुमार, लावालौंग थाना के सशस्त्र बल एवं स्थानीय चौकीदार शामिल थे।
















