बदलते दौर में बदलेगी शिक्षा की तस्वीर, AI और नई तकनीक बनेगी ताकत : हेमंत सोरेन
शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को किया नमन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को दी शुभकामनाएं
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रांची। शिक्षक दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश के पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर नमन किया। उन्होंने झारखंड के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों को शिक्षक दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। शिक्षा व्यवस्था में मौजूद कमियों को चिन्हित कर उन्हें दूर करने की दिशा में जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि समय के साथ शिक्षा का तरीका भी तेजी से बदल रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिए आधुनिक तकनीक को शिक्षा व्यवस्था से जोड़ना जरूरी हो गया है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीक शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला सकती है। इन तकनीकों के सही इस्तेमाल से पढ़ाई-लिखाई की प्रक्रिया को अधिक आसान और प्रभावी बनाया जा सकता है। साथ ही विद्यार्थियों की अलग-अलग जरूरत और क्षमता के अनुसार शिक्षा उपलब्ध कराने में भी तकनीक मददगार साबित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तकनीक और शिक्षा का बेहतर तालमेल विद्यार्थियों को बदलती दुनिया के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें सही दिशा देने में शिक्षकों का योगदान बेहद अहम है।

















