महिला एशिया कप में भारत का दबदबा, पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंदा; 55 रन पर ढेर हुई पाकिस्तानी टीम

दुबई: महिला एशिया कप 2026 के बहुप्रतीक्षित मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी। भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह बेअसर कर दिया और पूरी टीम महज 55 रन पर सिमट गई। इसके बाद भारत ने बेहद आसानी से लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय स्पिनरों के सामने उसकी एक नहीं चली। पाकिस्तान की पूरी टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। यह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान का अब तक का सबसे कम स्कोर बताया जा रहा है।

पाकिस्तान की ओर से शावल जुलफिकर ने 14 रन और मुनीबा अली ने 13 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सकी। टीम के चार बल्लेबाज तो बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। भारत की गेंदबाजी की कमान स्पिनरों ने संभाली। श्री चरणी और प्रेमा रावत ने पाकिस्तान के बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। दीप्ति शर्मा ने भी दो महत्वपूर्ण विकेट झटके, जबकि शेफाली वर्मा को एक सफलता मिली।
भारतीय टीम की फील्डिंग में कुछ मौकों पर कैच छूटे और मिसफील्ड भी देखने को मिली, लेकिन पाकिस्तान का स्कोर इतना कम था कि इन गलतियों का भारत को कोई नुकसान नहीं उठाना पड़ा। 56 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर भारतीय इरादे साफ कर दिए। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 3000 रन भी पूरे किए।

हालांकि, उनकी तेज शुरुआत ज्यादा देर नहीं चली और अगले ही ओवर में फातिमा सना की गेंद पर शेफाली 12 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद प्रतीका रावल भी महज 4 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गईं। शुरुआती झटकों के बावजूद भारतीय टीम लक्ष्य से भटकी नहीं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला और 9वें ओवर में शानदार छक्का लगाकर भारत को आसान जीत दिला दी। भारतीय टीम ने महज तीन विकेट गंवाकर 56 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ पाकिस्तान के खिलाफ अपना दबदबा कायम रखा, बल्कि गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन और कप्तान की निर्णायक पारी के साथ मुकाबले को एकतरफा बना दिया।
















