गुमला में आज से 37वां प्रांतीय खेल महाकुंभ, 24 जिलों के 700 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

गुमला: विद्या विकास समिति, झारखंड प्रदेश के तत्वावधान में चार दिवसीय 37वां प्रांतीय खेलकूद समारोह बुधवार, 9 सितंबर से गुमला में शुरू होगा। 9 से 12 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस खेल महाकुंभ की मेजबानी सरस्वती विद्या मंदिर, गुमला कर रहा है। प्रतियोगिताएं परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित होंगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मंगलवार को सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रांतीय संयोजक सुरेश मंडल ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को समारोह का उद्घाटन उपायुक्त दिलेश्वर महतो करेंगे। उद्घाटन सत्र में विद्या विकास समिति के उपाध्यक्ष राजीव कमल बिट्टू मुख्य वक्ता होंगे। समारोह में प्रदेश सचिव नकुल शर्मा, कोषाध्यक्ष विष्णु कुमार जालान, एसपी हरीश बिन जमा, डीडीसी अनिमेष रंजन, अपर समाहर्ता राजीव नीरज, एसडीओ अखिलेश कुमार और जिला क्रीड़ा पदाधिकारी प्रवीण कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में झारखंड के 24 जिलों के 44 सरस्वती विद्या मंदिरों से करीब 700 भैया-बहन हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों को बाल, किशोर और तरुण तीन वर्गों में बांटा गया है। चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान लंबी कूद, ऊंची कूद, बाधा दौड़, गोला फेंक, जैवलिन थ्रो और विभिन्न दौड़ समेत कुल 144 इवेंट आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन के लिए प्रदेश स्तर से 45 तकनीकी निर्णायकों की नियुक्ति की गई है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
जिला प्रबंध समिति के सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि गुमला को तीसरी बार इस बड़े आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए विद्या मंदिर परिसर में आवास, भोजन, पेयजल, सुरक्षा और 24 घंटे प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। आयोजन में अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रेस वार्ता में प्रधानाचार्य जितेंद्र तिवारी ने पत्रकारों का स्वागत किया। मौके पर ओमप्रकाश सिंह, त्रिभुवन शर्मा, राकेश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे। उन्होंने लोगों से खेल समारोह में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
















