major-ncb-action-ranchi-international-drugs

रांची में एनसीबी का बड़ा एक्शन: अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, ट्रेनों की पैंट्री कार से होती थी तस्करी; एक युवती समेत 6 गिरफ्तार

Share
Link copied

रांची: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने झारखंड की राजधानी रांची में अंतरराष्ट्रीय नशा कारोबार से जुड़े एक बड़े और शातिर सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह नशे की खेप मंगाने के लिए बेहद शातिर तरीके से ट्रेनों की पैंट्री कार के कर्मियों का इस्तेमाल करता था। मामले का खुलासा होने के बाद एनसीबी की विशेष टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए एक युवती समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

इन आरोपियों की हुई है गिरफ्तारी

एनसीबी के हत्थे चढ़े आरोपियों की पहचान रजत जैन (अपर बाजार, रांची), उदित कुमार (अरगोड़ा, रांची), आकाश मल्होत्रा (गिरिडीह), स्नेहा पासवान (बोरेया, रांची), मिलन सिंह (जुगसलाई, जमशेदपुर) और ऋषभ जैन के रूप में हुई है। इनमें से चार आरोपियों को 14 अक्टूबर को, मिलन सिंह को 15 अक्टूबर को और इसके बाद ऋषभ जैन को गिरफ्तार किया गया। एनसीबी अब इन सभी को रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की तैयारी कर रही है, जिससे कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Durga puja
Advertisement

विदेशी कनेक्शन और रेव पार्टियों का काला कारोबार

जांच एजेंसी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक पर विदेशी मोबाइल नंबरों से लगातार संपर्क में रहने का आरोप है। इससे यह पुख्ता संकेत मिले हैं कि इस अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क के तार थाइलैंड, नाइजीरिया, ब्रिटेन या अमेरिका जैसे देशों तक जुड़े हो सकते हैं। इस सिलसिले में रांची के मोरहाबादी और कांके रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के मालिक को पूछताछ के लिए 26 अक्टूबर को तलब किया गया है।
इससे पहले दिल्ली में हुई छापेमारी के इनपुट पर रांची और जमशेदपुर में यह धर-पकड़ की गई है। इस पूरे सिंडिकेट के खुलासे के साथ ही शहर में बढ़ रहे रेव पार्टियों (Rave Parties) के काले कारोबार से भी पर्दा उठ गया है। पिछले कुछ दिनों से रांची के निजी फार्म हाउसों, सुनसान इलाकों या घरों में रात के वक्त ऐसी पार्टियों का चलन बढ़ गया है, जहां तेज आवाज के संगीत के बीच सिंथेटिक ड्रग्स और कोकीन का धड़ल्ले से इस्तेमाल होता है। इवेंट मैनेजमेंट की आड़ में नशा परोसने वाले ऐसे आयोजक अब सीधे एनसीबी के रडार पर आ गए हैं।

भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद

एनसीबी की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान तस्करों के पास से निम्नलिखित चीजें बरामद की गई हैं:
कोकीन: 18 ग्राम
MDMA: 16.5 ग्राम
गांजा: 3.5 ग्राम
वाहन: एक हुंडई एक्सेंट कार (JH 01 CA 0936)

शुरुआती पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि इनका यह काला कारोबार रांची और जमशेदपुर से लेकर जयपुर और दिल्ली तक फैला हुआ था, जिसमें नाइजीरियाई कनेक्शन की भी सुगबुगाहट तेज हो गई है। एनसीबी की इस कार्रवाई से ड्रग्स कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

ABOUT THE AUTHOR
आकाश सिंह

आकाश सिंह

वरिष्ठ संवाददाता

आकाश सिंह - पिछले करीब 18 वर्षों से राजनीतिक और क्राइम बीट पर सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। इस दौरान जमीनी रिपोर्टिंग, चुनाव कवरेज, प्रशासनिक मुद्दों और संवेदनशील मामलों पर गहराई से काम किया है। साथ ही, पिछले लगभग 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी अनुभव रखते हैं, जहां न्यूज स्क्रिप्ट लेखन, वीडियो कंटेंट निर्माण, वॉइसओवर और सोशल मीडिया के लिए प्रभावी कंटेंट तैयार किया है