Jharkhand :-झारखंड से ट्रेन में जालंधर आई अफीम की सप्लाई,पुलिस ने 8 किलो नशे संग युवक पकड़ा, सूचना के बाद की थी नाकाबंदी

Jharkhand :-झारखंड से ट्रेन में जालंधर आई अफीम की सप्लाई,पुलिस ने 8 किलो नशे संग युवक पकड़ा, सूचना के बाद की थी नाकाबंदी

Author drishtinow | Edited by drishtinow
Updated: Thu, 16 Feb 2023 06:29 AM (IST)

Jharkhand

Drishti  Now ,Ranchi

पंजाब की जालंधर पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल के हाथ बड़ी सफलता लगी है। झारखंड से ट्रेन के माध्यम से आई नशे की बड़ी खेप पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। ट्रेन से उतर कर अफीम की सप्लाई देने जा रहे एक शख्स को एंटी नारकोटिक्स सेल ने पकड़ा है। पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके कब्जे ले 8 किलोग्राम अफीम बरामद की है।

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान राम चरण निवासी गदेर (छतरा) झारखंड के रूप में हुई है और उसकी उम्र अभी 24 साल है। यह युवक खुद अफीम खरीद कर बेचने के लिए नहीं आया था बल्कि यह कैरियर का काम करता है। झारखंड में बैठे तस्कर से सप्लाई लेकर जालंधर पहुंचा था, लेकिन आगे पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल के हत्थे चढ़ गया।

गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा तस्कर
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि झारखंड से नशे की खेप लेकर आ रहे युवक के बारे में एंटी नारकोटिक्स सेल को सूचना मुखबिर के माध्यम से मिली थी। मुखबिर ने पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल को बताया था कि ट्रेन में झारखंड से अफीम की सप्लाई आ रही है।

इस पर पुलिस ने झारखंड से आई ट्रेन के बाद गुरु नानक पुरा के पास रेलवे कालोनी के टी पॉइंट पर नाकाबंदी कर दी। जैसे ही युवक वहां पर पहुंचा तो पुलिस ने उसे दबोच लिया।

गजेटेड अधिकारी के सामने किया अफीम का मापतोल
अफीम की इतनी बड़ी कॉमर्शियल मात्रा में खेप मिलने के बाद एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज इंद्रजीत सिंह ने तुरंत प्रभाव से अपने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधान अनुसार मौके पर गजेटेड अफसर के तौर पर एसीपी परमजीत सिंह को बुलाया गया। उनके और गवाहों के सामने पकड़ी गई अफीम का मापतोल कर सील किया गया।

पहले भी पकड़े गए हैं बड़ी खेपों के साथ झारखंड के तस्कर
जालंधर में नशे की सप्लाई किसी आस-पड़ोस के राज्य से नहीं बल्कि झारखंड से आ रही है। कुछ ही महीनों के दौरान पांचवां अफीम तस्करी का बड़ा मामला पकड़ा गया है। जिसमें सप्लाई झारखंड से आई है। तीन महीने पहले पुलिस ने दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से करीब पांच किलो अफीम बरामद की गई थी।

इससे पहले झारखंड के ही एक युवक को मकसूदां में भगत सिंह कॉलोनी के पास वाई पॉइंट पर पौने तीन किलो अफीम के साथ पकड़ा था। यह युवक पहले जालंधर में दिहाड़ीदार का काम करता था, लेकिन वह झारखंड के तस्करों के संपर्क में आ गया और अफीम की सप्लाई जालंधर लाने लगा था।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow