toran-gates-durga-puja-ranchi-not

रांची में दुर्गा पूजा के तोरण द्वार अब तक नहीं हटे, उपायुक्त ने दिए तत्काल हटाने के निर्देश

Share
Link copied
toran-gates-durga-puja-ranchi-not
toran-gates-durga-puja-ranchi-not

रांची: दुर्गा पूजा समाप्त होने के बाद भी रांची शहर के कई इलाकों में तोरण द्वार और बांस की अस्थायी संरचनाएं नहीं हटाई गई हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित पूजा समितियों से सभी तोरण द्वारों, बांस की संरचनाओं और अन्य अवशेषों को तत्काल हटाने की अपील की है।

जिला प्रशासन के अनुसार, प्रतिमा विसर्जन के दिन ही सभी तोरण द्वारों और अस्थायी संरचनाओं को हटाने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद शहर के कई स्थानों पर सड़कों के बीच बांस की संरचनाएं अब भी मौजूद हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं, कई जगहों पर सड़कों पर लोहे की कीलें और अन्य सामग्री बिखरी पड़ी हैं। इससे वाहनों के टायर पंचर हो रहे हैं और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उपायुक्त ने पूजा समितियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों को जल्द से जल्द बाधामुक्त बनाने और सड़क पर बिखरे अवशेषों को हटाने की अपील की है। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सहयोग देने पर जोर दिया है।

निर्देशों के अनुपालन की निगरानी अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, रांची, ट्रैफिक पुलिस और रांची नगर निगम द्वारा की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पूजा समितियों से आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।