दिल्ली धमाके पर सबसे बड़ा अपडेट: गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे घटनास्थल, LNJP अस्पताल में घायलों से मिले
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली को हिलाने वाले लाल किले के पास हुए भीषण धमाके ने पूरे देश को सन्नाटे में डाल दिया है। सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक हुंडई i-20 कार में हुए इस विस्फोट ने तबाही मचा दी। अब तक की जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में 10 से 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 24 से अधिक लोग घायल हैं। कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!अमित शाह का त्वरित प्रतिक्रिया: अस्पताल से घटनास्थल तक
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना पर तुरंत कार्रवाई का संकेत दिया। धमाके की सूचना मिलते ही उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा, स्पेशल ब्रांच प्रभारी और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के चीफ से फोन पर बात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अमित शाह से स्थिति की समीक्षा की।
घटना के तुरंत बाद अमित शाह लोक नायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों व वरीय अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। अस्पताल में उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह भी उनके साथ थे।
इसके बाद अमित शाह सीधे घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने मौके का जायजा लिया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “आज शाम लगभग 7 बजे दिल्ली के लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक हुंडई i-20 कार में विस्फोट हुआ। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ लोगों की जान चली गई है। विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर दिल्ली क्राइम ब्रांच और स्पेशल ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं।”
जांच में तेजी: NSG, NIA और FSL की टीमें सक्रिय
अमित शाह ने स्पष्ट किया कि इस घटना की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है। नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG), नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीमें घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। सभी आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गृह मंत्री ने कहा, “हम सभी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं, राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
दिल्ली पुलिस ने बताया कि धमाका कार के पिछले हिस्से में हुआ, जिसके कारण कार के परखच्चे दूर-दूर तक बिखर गए। कई कारों में आग लग गई और शीशे चकनाचूर हो गए। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह आतंकी हमला था या कोई अन्य कारण। हालांकि, जांच एजेंसियां हर पहलू की पड़ताल कर रही हैं।
हाई अलर्ट: दिल्ली-NCR में सुरक्षा बढ़ी
धमाके के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। धार्मिक स्थलों, एयरपोर्ट्स, मेट्रो स्टेशनों और महत्वपूर्ण इमारतों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी शुरू कर दी है और संदिग्ध कार के नंबर की तलाश की जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर दुख जताया और कहा, “मैंने गृह मंत्री अमित शाह और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी शोक संवेदना व्यक्त की।

















