भाजपा ने हेमंत सोरेन की स्विट्जरलैंड यात्रा पर साधा निशाना, कहा- टाटा से समझौते के लिए 7000 किमी दूर जाना पड़ा
रांची : झारखंड में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की स्विट्जरलैंड यात्रा को जमकर कटाक्ष का निशाना बनाया है। उन्होंने इसे “पर्यटन यात्रा” करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने इस बार “हद कर दी”।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रतुल शाहदेव ने कहा, “जमशेदपुर में टाटा की इकाई रांची से महज 135 किलोमीटर दूर है, लेकिन टाटा समूह के साथ एग्रीमेंट करने के लिए मुख्यमंत्री जी को 7000 किलोमीटर दूर स्विट्जरलैंड जाना पड़ा। वास्तव में यह पर्यटन यात्रा है, जिसे जबरन विनिवेश या निवेश यात्रा का नाम दिया जा रहा है।”
उन्होंने आगे तंज कसा कि इंफोसिस के साथ भी समझौता होने की बात सुनने में आ रही है। इंफोसिस का मुख्यालय पुणे में है, जो रांची से हवाई मार्ग से सिर्फ डेढ़ घंटे की दूरी पर है। प्रतुल ने पूछा, “अगर एग्रीमेंट करना था तो कंपनियों को निमंत्रण देते, वे खुद रांची आकर समझौता करतीं। स्विट्जरलैंड जाने की क्या जरूरत थी?”
प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस का प्रभाव मुख्यमंत्री जी पर भी दिखने लगा है। एक समय नेहरू जी के कपड़े धुलने भी पेरिस जाते थे विशेष विमान से। अब मुख्यमंत्री जी भी बगल में स्थित टाटा से एग्रीमेंट के लिए स्विट्जरलैंड जा रहे हैं।”
उन्होंने राज्य की स्थिति पर भी सवाल उठाए। कहा कि प्रदेश में हजारों मध्यम और लघु इकाइयां रुग्ण अवस्था में हैं, लेकिन सरकार ने उन पर कभी फोकस नहीं किया। विदेश से निवेश लाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन पहले वोल्वो प्लांट की बात हुई थी, 9 महीने बीत गए, कोई अधिकारी झारखंड नहीं आया। उन्होंने कहा आश्चर्य की बात यह बताई कि इस बार भी उद्योग मंत्री सरकारी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा नहीं हैं।

















