चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर रूप से घायल
झारखंड के चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र के करनी इलाके में हजारीबाग रोड पर एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों को सूना कर दिया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीन बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी, जिसमें दो युवकों की मौके पर और अस्पताल में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हादसा तब हुआ जब सिलाड़ गांव निवासी मिथलेश भुईयां, धुना गांव निवासी पंकज भुईयां और सिलाड़ गांव निवासी नीरज कुमार भुईयां बाइक से करनी से धुना गांव की ओर जा रहे थे। अचानक अज्ञात वाहन अनियंत्रित होकर उनकी बाइक से जोरदार टक्कर मार गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिथलेश भुईयां की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक सिंह अपने दल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल इलाज के लिए भेजा गया। पंकज भुईयां को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी जान चली गई। तीसरे घायल नीरज कुमार भुईयां को पहले इटखोरी स्वास्थ्य उपकेंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग रेफर कर दिया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की मांग की है।

















