मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने लॉन्च किया “अबुआ दिशोम बजट पोर्टल एवं मोबाइल ऐप”
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट निर्माण के लिए जन भागीदारी को बढ़ावा देने हेतु “अबुआ दिशोम बजट पोर्टल तथा मोबाइल ऐप” का शुभारंभ किया। इस पहल के माध्यम से आम जनता एवं विशेषज्ञ अपने मूल्यवान सुझाव देकर राज्य के बजट गठन में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री सोरेन ने शुभारंभ अवसर पर कहा, “मजबूत राज्य की नींव सिर्फ योजनाओं से नहीं बल्कि जन-भागीदारी से रची जाती है।” उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार समावेशी बजट लागू करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है, ताकि विकास के लाभ राज्य के हर कोने तक पहुंचें।
जनता से सुझाव आमंत्रित, सर्वश्रेष्ठ सुझावों को मिलेगा सम्मान
पोर्टल, मोबाइल ऐप तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स आदि) के जरिए आम जनता 17 जनवरी 2026 तक अपने सुझाव प्रस्तुत कर सकती है। तीन सर्वश्रेष्ठ सुझाव देने वालों को राज्य सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले वित्तीय वर्ष से सुझाव संग्रहण की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू की जाए, जिससे राज्य के दूर-दराज के क्षेत्रों से भी अधिकतम जन भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर वित्त मंत्री, मुख्य सचिव, सचिव (व्यय), सचिव (संसाधन), विशेष सचिव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

















