मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को “मरांग बुरू जुग जाहेर बाहा बोंगा 2026” में मुख्य अतिथि के रूप में किया गया आमंत्रित
रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को गिरिडीह जिले में आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण आदिवासी धार्मिक एवं सांस्कृतिक समारोह “मरांग बुरू जुग जाहेर बाहा बोंगा 2026” में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है और गिरिडीहवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उपायुक्त ने 20 फरवरी 2026 को गिरिडीह में आयोजित होने वाले इस समारोह के लिए मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि बनने का सादर निमंत्रण दिया।
“मरांग बुरू जुग जाहेर बाहा बोंगा” एक पवित्र आदिवासी प्रकृति पूजा पर्व है, जो मुख्य रूप से बाहा पर्व के रूप में जाना जाता है। यह संथाल एवं अन्य आदिवासी समुदायों का प्रमुख त्योहार है, जिसमें मरांग बुरु (बड़ा पहाड़, यानी पारसनाथ पहाड़) की तलहटी में जुग जाहेर थान और मांझी थान आदि स्थानों पर प्रकृति देवता की पूजा की जाती है। इस अवसर पर सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और पर्यावरण संरक्षण की कामना की जाती है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि वे गिरिडीह के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और शुभकामनाएं व्यक्त करते हैं। यह समारोह आदिवासी संस्कृति, परंपरा और प्रकृति के प्रति आदर को दर्शाता है, जिसमें राज्य सरकार हमेशा सहयोगी रही है।

















