चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ कमजोर, तमिलनाडु में 3 लोगों की मौत, 149 मवेशियों की गई जान; पुडुचेरी में सोमवार को सभी स्कूल-कॉलेज बंद
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘दितवाह रविवार देर रात कमजोर पड़कर डीप डिप्रेशन में बदल गया। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार सुबह यह सिस्टम उत्तर तमिलनाडु-पुडुचेरी तट से महज 20 किलोमीटर की दूरी पर रहेगा और बहुत धीमी गति से आगे बढ़ रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!तूफान के कारण हुई भारी बारिश ने तमिलनाडु में भारी तबाही मचाई है। राज्य में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। तूतीकोरिन और तंजावुर में दीवार गिरने से दो लोगों की जान चली गई। मयिलादुथुराई जिले में करंट लगने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
इसके अलावा तमिलनाडु में भारी बारिश और बाढ़ के कारण 149 मवेशियों की भी मौत हो गई। सबसे ज्यादा असर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के कुछ तटीय इलाकों और पुडुचेरी में देखने को मिला है।
चक्रवात दितवाह के कारण पुडुचेरी में सोमवार को भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पुडुचेरी प्रशासन ने सोमवार को सभी सरकारी व निजी स्कूल-कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया है। पुडुचेरी सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने भी साइक्लोन के कारण सोमवार को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। नए शेड्यूल की जानकारी बाद में दी जाएगी।
मौसम विभाग ने तटीय जिलों में अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश की चेतावनी बनाए हुए है। लोगों से अपील की गई है कि जरूरी न हो तो घरों से बाहर न निकलें और निचले इलाकों में सतर्क रहें। प्राप्त जानकारी के अनुसार तूफान और कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल सकता है, लेकिन बारिश का दौर अगले 24-36 घंटे तक जारी रहने की संभावना है।
















