पटना में वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीन पुलिसकर्मियों को रौंदा, महिला सिपाही की मौत
बिहार की राजधानी पटना में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया। एसके पुरी थाना क्षेत्र के अटल पथ पर वाहन चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तीन पुलिसकर्मियों को कुचल दिया, जिसमें एक महिला सिपाही की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना रात करीब 12:30 बजे की है, जब पुलिस टीम अटल पथ पर वाहनों की जांच कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीघा की ओर से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो ने बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सब-इंस्पेक्टर (SI) दीपक कुमार, असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) अवधेश, और महिला सिपाही कोमल हवा में उछलकर दूर जा गिरे। हादसे में स्कॉर्पियो चालक अशोक भी घायल हुआ है।
घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां नालंदा जिले की रहने वाली महिला सिपाही कोमल की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दो स्कॉर्पियो गाड़ियों को जब्त किया गया है और दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि जिस स्कॉर्पियो ने पुलिसकर्मियों को टक्कर मारी, उस पर भाजपा का झंडा लगा था। पटना के SSP अवकाश कुमार ने बताया कि रात 10:30 से 12:30 बजे तक राजधानी सहित सभी जिलों में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया था। इस दौरान एसके पुरी थाना पुलिस द्वारा अटल पथ पर बैरिकेडिंग की गई थी।
SSP ने कहा कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चेकिंग के दौरान गाड़ी में टक्कर मारी, जिससे तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। चालक फरार है, लेकिन हमने दो लोगों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

















