दोस्ती में दरार, दोस्त ने ही चला दी गोली! गिरिडीह गोलीकांड का 4 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
दोस्ती में दरार, दोस्त ने ही चला दी गोली! गिरिडीह गोलीकांड का 4 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुरानी अनबन और शराब के नशे में बिगड़ा मामला, देशी पिस्तौल से पेट में लगी गोली; पुलिस ने बरामद किया हथियार
गिरिडीह : दोस्ती की आड़ में छिपी पुरानी खटास एक पल में खूनखराबे में बदल गई। गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र के झरघट्टा गांव में मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे हुए गोलीकांड का पुलिस ने मात्र 4 घंटे में खुलासा कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित को गोली मारने वाला कोई बाहरी शख्स नहीं, बल्कि उसका अपना ही दोस्त और पड़ोसी निकला।
पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जामवाद (रौतगादी) निवासी टिंकू मारिक उर्फ चौहान को उसके दोस्त जागेश्वर मारिक उर्फ छोटका ने गोली मार दी। दोनों पहले से ही आपसी अनबन चल रही थी। मेरु लाल हांसदा को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद हो चुका था।
घटना की पूरी कहानी
जागेश्वर मारिक ने ही टिंकू को झरघट्टा गांव में बुलाया था। वहां पहले से शराब पीने का दौर चल रहा था। टिंकू के पहुंचते ही पुरानी रंजिश निकल आई। गर्मागर्मी के बीच टिंकू ने अपनी देशी पिस्तौल दिखाई। इसी दौरान जागेश्वर ने उसी पिस्तौल छीनकर टिंकू के पेट में गोली चला दी। गोली लगने से टिंकू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
गिरिडीह के मुफ्फसिल और गांडेय थाना की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आरोपी जागेश्वर मारिक को मात्र 4 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल देशी पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा गोली भी बरामद कर ली गई है।
दो अलग-अलग केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। एक केस में टिंकू और जागेश्वर दोनों को नामजद किया गया है, जबकि दूसरे मुख्य केस में जागेश्वर पर टिंकू की पिस्तौल से गोली चलाने का आरोप है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
यह घटना शराब, पुरानी दुश्मनी और अवैध हथियारों के खतरनाक मिश्रण का एक और उदाहरण है। पुलिस की तेज कार्रवाई की जिला वासियों ने सराहना की है।















