गोड्डा: ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की पत्नी पर गोलीकांड का खुलासा, पति ने दी थी 2 लाख की सुपारी! तीन आरोपी गिरफ्तार
गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र में 17 जनवरी को बाइक सवार अपराधियों द्वारा महिला पर की गई गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने मात्र 72 घंटे में खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि पीड़िता के पति (बिहार न्यायिक सेवा में पदस्थ) ने तलाक के विवाद से छुटकारा पाने के लिए 2 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या की साजिश रची थी। एसआईटी ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गोड्डा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पथरगामा थाना अंतर्गत गांधीग्राम चौक के पास 17 जनवरी 2026 की शाम को हुई गोलीबारी की घटना का खुलासा किया है। पीड़िता वंदना कुमारी (उम्र करीब 35 वर्ष), पति संतोष कुमार साह (बिहार राज्य न्यायिक सेवा में पदस्थ), निवासी सिकरगढ़ टोला, कहलगांव (भागलपुर, बिहार) एवं वर्तमान में परसा (हनवारा थाना, गोड्डा) पर बाइक सवार अपराधियों ने गोली चलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
घटना के बाद पीड़िता के फरबयान पर पथरगामा थाना में कांड संख्या 13/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
एसआईटी की त्वरित जांच, भौतिक साक्ष्यों, तकनीकी खुफिया जानकारी एवं परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि पीड़िता के पति संतोष कुमार साह का गोड्डा परिवार न्यायालय में तलाक का केस चल रहा था। पति ने पत्नी से छुटकारा पाने के लिए 2 लाख रुपये देकर हत्या की सुपारी दी थी। आरोपी पैसा लेकर हत्या के इरादे से तैयार हो गए और 17 जनवरी को गांधीग्राम चौक के पास चलती मोटरसाइकिल पर पीड़िता पर जानलेवा गोली चलाई।
गिरफ्तार आरोपियों में श्याम कुमार साह, सुबोध कुमार साह और मो. आरिफ शामिल हैं। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का अग्रभाग, घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल। एक देशी कट्टा, घटना के समय इस्तेमाल किए गए 3 हेलमेट और घटना के समय इस्तेमाल किए गए 3 मास्क बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
















