राज्यपाल ने 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का किया उद्घाटन

रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तीरंदाजी में एकाग्रता, धैर्य और सटीकता की अहम भूमिका होती है। पुलिस सेवा में भी ये गुण महत्वपूर्ण हैं। सही आकलन, विवेकपूर्ण निर्णय और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता प्रभावी पुलिस व्यवस्था के आवश्यक आधार हैं।
राज्यपाल ने खिलाड़ियों से पूरे समर्पण, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड को ‘तीरंदाजी की धरती’ (Land of Archery) के रूप में जाना जाता है। राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धियों से झारखंड का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने खेलो इंडिया जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को आगे आने के अवसर मिल रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि पुलिस बल देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था का मेरुदंड है। कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों की रोकथाम करना और नागरिकों के जीवन व संपत्ति की रक्षा करना पुलिस के प्रमुख दायित्व हैं। बदलते समय में अपराधों का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। ऐसे में आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक पद्धतियों और नवीनतम साधनों का प्रभावी इस्तेमाल जरूरी है। पुलिस की सफलता केवल अपराध के बाद कार्रवाई करने में नहीं, बल्कि अपराधों की रोकथाम और लोगों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने में भी है।
उन्होंने साइबर अपराध और डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि ट्रैफिक चालान या अन्य सूचनाओं के नाम पर मोबाइल पर भेजी जाने वाली संदिग्ध APK फाइलों के जरिए ठगी की जा रही है। नागरिक ऐसी फाइलों को खोलने से बचें और संबंधित सूचनाओं की पुष्टि आधिकारिक माध्यमों से करें। उन्होंने साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की तकनीकी दक्षता के साथ जन-जागरूकता को भी आवश्यक बताया।
राज्यपाल ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक रूप से सक्षम होने के साथ मानसिक दृढ़ता, अनुशासन, धैर्य और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी जरूरी है। नियमित खेल और व्यायाम शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं तथा कठिन परिस्थितियों में संयम और आत्मविश्वास बनाए रखने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास तथा सहयोग प्रभावी पुलिस व्यवस्था की आधारशिला हैं। नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनना और उन्हें सुरक्षा का भरोसा देना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
राज्यपाल ने कहा कि 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी झारखंड पुलिस को मिलना राज्य के लिए गौरव की बात है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों और पुलिस बलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, अनुभव साझा करने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर मिलता है। ऐसी प्रतियोगिताएं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सौहार्द और टीम भावना को मजबूत करती हैं।

रांची में एनसीबी का बड़ा एक्शन: अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, ट्रेनों की पैंट्री कार से होती थी तस्करी; एक युवती समेत 6 गिरफ्तार
रांची: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने झारखंड की राजधानी रांची में अंतरराष्ट्रीय नशा कारोबार से जुड़े एक बड़े और शातिर सिंडिकेट का…

रांची में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई दुर्गा पूजा, नशा मुक्ति अभियान से भी जोड़े गए श्रद्धालु
रांची: रांची जिले में दुर्गा पूजा का आयोजन भव्यता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जिला प्रशासन के अनुसार, शहरी और ग्रामीण…
















