झारखंड स्थापना दिवस के दूसरे दिन भव्य सांस्कृतिक समारोह, ड्रोन शो में दिखेगी राज्य की गौरव गाथा
रांची : झारखंड ने अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए मोरहाबादी मैदान में 15 और 16 नवंबर को दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। स्थापना दिवस के दूसरे दिन यानी 16 नवंबर को भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव श्री मनोज कुमार और संस्कृति निदेशक श्री आसिफ इकराम की देखरेख में आयोजित किया जा रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पहली बार झारखंड में ‘जतरा’ का आयोजन
स्थापना दिवस के दूसरे दिन झारखंड में पहली बार ‘जतरा’ का भव्य आयोजन होगा। यह यात्रा डोरंडा से शुरू होकर कचहरी चौक होते हुए जेल पार्क में समाप्त होगी। जतरा में लगभग 4000 कलाकार हिस्सा लेंगे, जो राज्य की विविध सांस्कृतिक झलक पेश करेंगे।
शाम को मोराबादी मैदान में ड्रोन शो और एवी प्रस्तुति
शाम को मोराबादी मैदान में भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। इसमें भगवान बिरसा मुंडा की जीवनगाथा और झारखंड की समृद्ध संस्कृति को आकर्षक दृश्यों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही एवी प्रस्तुति भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगी।
‘रिदम ऑफ फॉक’ थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
सांस्कृतिक कार्यक्रम में राज्य की पारंपरिक विधाओं का समावेश होगा, जिसकी थीम ‘रिदम ऑफ फॉक’ रखी गई है। इसमें विभिन्न फोल्क नृत्य जैसे संथाली नृत्य, खड़िया नृत्य, नागपुरी नृत्य आदि शामिल होंगे। इसके अलावा शास्त्रीय नृत्य कत्थक, भरतनाट्यम और ओडिसी नृत्य भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
फ्यूजन प्रस्तुति और स्टार परफॉर्मेंस
कार्यक्रम में शास्त्रीय नृत्य एवं आधुनिक नृत्य की जुगलबंदी वाली फ्यूजन प्रस्तुति होगी। इंडियन आइडल फेम शगुन पाठक और बॉलीवुड सिंगर शिल्पा राव की प्रस्तुति कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएगी।

















