हजारीबाग पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: अफीम और ब्राउन शुगर के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

हजारीबाग पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अफीम और ब्राउन शुगर की तस्करी में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ, वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पेलावल ओपी क्षेत्र के छड़वा डैम के पास छापेमारी की। अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमित कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में 4 तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जो अफीम की खेप को पंजाब के लुधियाना ले जाने की तैयारी में थे।

गिरफ्तार तस्करों के पास से 2.7 किलोग्राम अफीम, 3 मोटरसाइकिल, 1 छह चक्का वाहन (PB10HG 0296) और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार तस्करों में संदीप कुमार (28 वर्ष), मो. जाहिद आलम (29 वर्ष), मो. सहजाद उर्फ सोनू (35 वर्ष) और मंजीत सिंह (55 वर्ष) शामिल हैं।

इस मामले में कटकमसांडी (पेलावल) थाना में कांड संख्या 219/25, दिनांक 23.10.2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(बी)/25(बी)/25(ए)/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

हजारीबाग पुलिस ने हाल के दिनों में दो अन्य मामलों में भी कार्रवाई की है। 20 अक्टूबर को पेलावल ओपी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान 40 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों, सचिन कुमार और अभिषेक कुमार उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक क्रेटा गाड़ी भी बरामद की गई। इस मामले में कटकमसांडी (पेलावल) थाना में कांड संख्या 215/25 दर्ज किया गया। वहीं 11 अक्टूबर को बरही थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान राजकुमार सिंह को 360 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया। इस मामले में बरही थाना में कांड संख्या 380/25 दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को देखते हुए मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हजारीबाग को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।





