जामताड़ा में आयुष्मान भारत योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, लगभग 600 मोतियाबिंद ऑपरेशन सिटी हॉस्पिटल सील
जामताड़ा में आयुष्मान भारत योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, लगभग 600 मोतियाबिंद ऑपरेशन सिटी हॉस्पिटल सील
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जामताड़ा , 27 मार्च : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के गृह जिले जामताड़ा में निजी अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के तहत मोतियाबिंद ऑपरेशन के नाम पर बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। जिले के उपायुक्त रवि आनंद ने शिकायतों के आधार पर सिटी हॉस्पिटल (सिटी मेडिसिन सेंटर) का औचक निरीक्षण किया और भारी अनियमितताएं पाए जाने पर अस्पताल को तत्काल सील कर दिया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने ऑपरेशन थियेटर, सीसीटीवी फुटेज, मरीजों के रजिस्टर, फाइलें और अस्पताल परिसर की गहन जांच की। जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि एक महीने में 500 से 600 मोतियाबिंद ऑपरेशन का दावा किया गया था, लेकिन मरीजों के नाम और फोन नंबरों की जांच में बड़े गड़बड़झाले सामने आए। कई मोबाइल नंबर जिले या राज्य के बाहर के पाए गए, जबकि आयुष्मान कार्ड से जुड़े दावों और वास्तविकता में काफी अंतर था।
उपायुक्त रवि आनंद ने अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों को डिस्चार्ज करने का निर्देश दिया और सिटी हॉस्पिटल को सील कर दिया। साथ ही लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में डॉक्टर गायब पाए गए और कई अन्य अनियमितताएं भी उजागर हुईं।इसके अलावा, मंगलम नेत्रालय में भी आयुष्मान योजना से संबंधित गड़बड़ियों के आरोप में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।जिला प्रशासन ने निजी अस्पतालों के खिलाफ शिकायतों पर सख्त रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की है।
यह घटना अब इसलिए ज्यादा चर्चा में है क्योंकि जामताड़ा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का गृह जिला है। जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। उपायुक्त की इस सख्त कार्रवाई को प्रशासन की सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन विपक्षी दलों के लिए यह स्वास्थ्य विभाग में बड़े स्तर पर अनियमितताओं का मामला बन सकता है।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















