जनता रोज़ी-रोटी के संघर्ष में जूझ रही, CM हेमंत सोरेन 100 करोड़ के ‘शीश महल’ में बसने जा रहे: प्रतुल शाहदेव
रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गरीब, आदिवासी और मूलवासी की सरकार होने का दावा करते हुए भी जनता के टैक्स के पैसे से अपने लिए करीब 100 करोड़ रुपये का आलीशान ‘शीश महल’ बनवा रहे हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रतुल शाहदेव ने प्रेस वार्ता में कहा, “झारखंड की जनता रोज़ी-रोटी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन मुख्यमंत्री दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल की राह पर चल पड़े हैं। दिल्ली में जनता के पैसे से शीश महल बनाया गया था, अब झारखंड में भी यही हो रहा है।”
उन्होंने इस महल की लग्जरी सुविधाओं का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें स्विमिंग पूल, जकूजी, आलीशान कमरे, 2 करोड़ रुपये का फव्वारा और ढाई करोड़ रुपये का गार्डन जैसी सुविधाएं शामिल हैं। प्रतुल ने कहा, “यह जनता के साथ सबसे बड़ा मजाक है।”
प्रतुल शाहदेव ने खुलासा किया कि मुख्य भवन निर्माण पर आधिकारिक तौर पर 47 करोड़ रुपये बताए जा रहे हैं, लेकिन अन्य मदों को जोड़ने पर यह राशि 70 करोड़ तक पहुंचती है। भवन निर्माण विभाग में सामान्य 25-30% लागत वृद्धि को देखते हुए कुल खर्च 100 करोड़ रुपये से अधिक होने की संभावना है। उन्होंने आश्चर्य जताया कि पिछली कैबिनेट में इस परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन कैबिनेट ब्रीफिंग में इस तथ्य को छिपाया गया।
प्रतुल ने कहा कि सरकार पहले ही घोषणा कर चुकी है कि स्मार्ट सिटी क्षेत्र में नया राजभवन और मुख्यमंत्री आवास बनाया जाएगा। ऐसे में अभी यह अतिरिक्त खर्च क्यों? क्या जनता का पैसा मुख्यमंत्री के शाही ठाठ-बाट के लिए है या राज्य के विकास और गरीबों की भलाई के लिए?

















