झारखंड बन रहा आतंकी संगठनों का गढ़, मुख्यमंत्री करें सख्त कार्रवाई: बाबूलाल मरांडी
रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड में बढ़ती आतंकी गतिविधियों पर गहरी चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। मरांडी ने कहा कि गुजरात एंटी टेरेरिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) द्वारा बेंगलुरु के हेब्बल इलाके से गिरफ्तार संदिग्ध महिला आतंकी शमा परवीन का झारखंड के कोडरमा जिले से सीधा संबंध सामने आना अत्यंत चिंताजनक है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!एटीएस की जांच में खुलासा हुआ है कि शमा परवीन अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) जैसे खतरनाक आतंकी संगठन से जुड़ी थी और सोशल मीडिया के माध्यम से आतंकी विचारधारा का प्रचार कर रही थी। मरांडी ने बताया कि शमा मूल रूप से कोडरमा की रहने वाली है और हाल के वर्षों में हैदराबाद होते हुए बेंगलुरु में अपने भाई के साथ रह रही थी। यह गिरफ्तारी झारखंड में पनप रहे आतंकी नेटवर्क की एक और कड़ी को उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में रांची, जमशेदपुर, लोहरदगा और हजारीबाग जैसे जिलों से भी आतंकी गतिविधियों और संदिग्धों की गिरफ्तारी की खबरें सामने आ चुकी हैं। मरांडी ने चेतावनी दी कि झारखंड धीरे-धीरे आतंकी संगठनों की शरणस्थली बनता जा रहा है, जो पूरे राज्य की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि पुलिस को निर्देश देकर राज्य में फल-फूल रहे सभी आतंकी नेटवर्क को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। मरांडी ने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाना जरूरी है, ताकि झारखंड को आतंकवाद के जाल से बचाया जा सके।

















