झारखण्ड पुलिस ने ‘रेल टोका’ आंदोलन के मद्देनजर की व्यापक सुरक्षा तैयारियां
रांची : झारखण्ड के पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक अनुराग गुप्ता ने 20 सितम्बर 2025 को कुड़मी समुदाय द्वारा घोषित ‘रेल टोका’ या ‘रेल रोको’ आंदोलन के मद्देनजर विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आज पुलिस मुख्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, और झारखण्ड पुलिस के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक में अनुराग गुप्ता ने आंदोलन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए। विशेष रूप से हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, सरायकेला, चाईबासा, पलामू और दुमका जैसे जिलों में संवेदनशील रेलवे स्टेशनों, रेल लाइनों और क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का आदेश दिया गया। उन्होंने बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट जैसे सुरक्षा उपकरणों के साथ पुलिस बल को तैयार रखने, रेलवे स्टेशनों के बाहर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, एम्बुलेंस और दंगारोधी वाहनों की तैनाती, और ड्रोन के माध्यम से निगरानी करने के निर्देश दिए।
पुलिस महानिदेशक ने रेलवे पुलिस और आरपीएफ/जीआरपी के साथ समन्वय स्थापित कर रेल यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही आंदोलन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए खुफिया तंत्र को मजबूत करने, संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेटिंग, और चिन्हित नेताओं को हिरासत में लेने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित जिलों के उपायुक्तों से संपर्क कर मजिस्ट्रेट की तैनाती और बीएनएसएस की धारा 163 के तहत कार्रवाई करने का भी आदेश दिया।
आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी रेलवे पुलिस पदाधिकारियों को 24×7 कंट्रोल रूम सक्रिय रखने और सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षकों एवं क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षकों को व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (रेल) अमोल विनुकांत होमकर, पुलिस महानिरीक्षक (विशेष शाखा) प्रभात कुमार, पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) डॉ. माईकलराज एस., आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी, और राँची, चक्रधरपुर, धनबाद के डीआरएम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

















