झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट-2025: राज्यपाल ने पुलिसकर्मियों से की जनता के प्रति संवेदनशीलता और तकनीकी दक्षता बढ़ाने की अपील

रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने जैप-1 परिसर में आयोजित “झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट-2025” के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन और दक्षता की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पुलिसकर्मियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सहयोग और टीम भावना को मजबूत करता है।

राज्यपाल ने पुलिस को राज्य की सुरक्षा, शांति और व्यवस्था का आधारस्तंभ बताते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों का निर्वहन बखूबी करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य की प्रगति के लिए विधि-व्यवस्था की स्थिरता जरूरी है, और इसके लिए पुलिस को ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ काम करना होगा।

पुलिस और जनता के बीच विश्वास के रिश्ते पर बल देते हुए राज्यपाल ने कहा, “पुलिसकर्मियों को जनता से शालीनता और संवेदनशीलता के साथ संवाद करना चाहिए। उनकी शिकायतों का त्वरित और संवेदनशीलता के साथ निपटारा करना होगा, ताकि नागरिक बिना डर के अपनी बात रख सकें।”

उन्होंने अपराध नियंत्रण में वैज्ञानिक तरीकों और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया, ताकि अपराधी शीघ्र कानून के दायरे में आएं और पीड़ितों को समय पर न्याय मिले। राज्यपाल ने नए आपराधिक कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि ये कानून पीड़ित केंद्रित न्याय सुनिश्चित करने के लिए ऐतिहासिक कदम हैं। उन्होंने झारखंड पुलिस से इन कानूनों की भावना को आत्मसात कर जनता की सुरक्षा और न्याय में आदर्श प्रस्तुत करने की अपेक्षा की।

नक्सली समस्या पर चिंता जताते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस दिशा में और सशक्त कदम उठाने की जरूरत है। भावुक होकर उन्होंने कहा, “जब पश्चिमी सिंहभूम से किसी शहीद जवान का पार्थिव शरीर आता है, तो मुझे समझ नहीं आता कि मैं उनके परिजनों को क्या सांत्वना दूँ। हिंसा कोई समाधान नहीं है।” उन्होंने नक्सलियों से मुख्यधारा में शामिल होने और विकास, शिक्षा व आत्मनिर्भरता को अपनाने की अपील की।

अंत में, राज्यपाल ने पुलिस ड्यूटी मीट में भाग लेने वाले पुलिसकर्मियों से इस आयोजन से प्राप्त सीख को अपने कर्तव्यों और सेवा दक्षता को बेहतर बनाने में उपयोग करने का आह्वान किया।


















