बकरी विवाद में खूनी खेल, किसान की हत्या, 4 घायल
बकरी विवाद में खूनी खेल, किसान की हत्या, 4 घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गढ़वा (झारखंड): जिले के बड़गढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। खेत में बकरी चराने जैसी छोटी सी बात पर दो गुट आपस में भिड़ गए, जिसमें एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस हिंसक झड़प में मृतक के दो बेटों समेत कुल चार लोग लहूलुहान हुए हैं, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खेत बनी रणभूमि, धारदार हथियारों से हमला
घटना टेहरी पंचायत के हेसातु गांव स्थित दुबियाठी टोला की है। जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत तब हुई जब एक पक्ष की बकरियों का झुंड दूसरे पक्ष के खेत में घुस गया। पहले दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन देखते ही देखते गुस्सा इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों के साथ-साथ धारदार हथियार निकल आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के दौरान मौके पर चीख-पुकार मच गई। हमलावरों ने सूर्य देव यादव पर घातक वार किए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घायलों की स्थिति नाजुक
इस हमले में सूर्य देव यादव को बचाने आए उनके दो बेटों और परिवार के अन्य दो सदस्यों को भी निशाना बनाया गया। चारों घायलों को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।
गांव में तनाव, पुलिस कर रही छापेमारी
घटना के बाद से हेसातु गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही बड़गढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है की इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”

















