20250718 213305

झामुमो का भाजपा पर पलटवार: 74वें संशोधन पर ज्ञान देने से पहले अपने भ्रष्ट निकायों का हिसाब दे भाजपा

स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में झारखंड के शानदार प्रदर्शन पर भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों का झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने करारा जवाब दिया है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव व प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि शहरी विकास पर सवाल उठाने से पहले भाजपा को अपने कार्यकाल की विफलताओं और भ्रष्ट नगर निकायों का हिसाब देना चाहिए।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

राष्ट्रपति सम्मान ने साबित किया: झारखंड सही दिशा में

पांडेय ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार के नेतृत्व में झारखंड ने स्वच्छता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में जमशेदपुर को 3-10 लाख आबादी वाले शहरों में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ, जिसे महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया। वहीं, बुंडू को “प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर” का खिताब मिला, जिसे केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने सम्मानित किया। इन सम्मानों को प्राप्त करने में नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव श्री सुनील कुमार और SUDA निदेशक श्री सूरज कुमार की भूमिका सराहनीय रही।

पांडेय ने कहा कि 2016 में झारखंड की स्थिति चिंताजनक थी, लेकिन हेमंत सरकार ने 2017 से लगातार सुधार कर जमशेदपुर को फाइव स्टार रैंकिंग और कई शहरों को ODF++ श्रेणी में लाने का काम किया। यह झारखंड के लिए गर्व का क्षण है।

74वें संशोधन पर भाजपा का प्रवचन हास्यास्पद

74वें संविधान संशोधन को लेकर भाजपा के आरोपों पर पांडेय ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिनके शासनकाल में नगर निकाय अफसरशाही के हवाले थे और चुने हुए बोर्ड भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए, वे आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं। हेमंत सरकार निकाय चुनाव को लेकर गंभीर है और कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही चुनाव कराएगी।

भाजपा का काम सिर्फ भ्रम फैलाना

विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा पर झूठ फैलाने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम सिर्फ सोशल मीडिया पर शोर मचाना है, जबकि हेमंत सरकार जमीनी हकीकत बदल रही है। जनता जानती है कि किसने झारखंड को लूट का अड्डा बनाया और किसने गरीब, किसान, महिलाओं और मजदूरों की जिंदगी बदलने का काम किया।

स्वास्थ्य सेवाओं में अभूतपूर्व सुधार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों को “तथ्यहीन और ओछी राजनीति” करार देते हुए पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बाइक एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर एम्बुलेंस जैसी सेवाएं शुरू की हैं, ताकि दूरदराज के गांवों तक त्वरित चिकित्सा पहुंच सके। उन्होंने कहा, “भाजपा के शासनकाल में स्वास्थ्य के नाम पर सिर्फ कागजी घोषणाएं हुईं, लेकिन हेमंत सरकार ने जिला अस्पतालों के उन्नयन से लेकर नई स्वास्थ्य योजनाओं तक हर स्तर पर सुधार किए हैं।”

झामुमो का संदेश: विकास को नई ऊंचाई देना लक्ष्य

पांडेय ने कहा कि यह समय झूठ और घृणा की राजनीति का नहीं, बल्कि झारखंड के विकास को नई ऊंचाई देने का है। भाजपा को भी राज्य के नागरिकों की मेहनत का सम्मान करना सीखना चाहिए। उन्होंने नगर विकास विभाग के अधिकारियों और जनता के सहयोग की सराहना करते हुए सभी नगर निकायों से स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में और बेहतर प्रदर्शन का आह्वान किया।

Share via
Share via