रांची पुलिस ने महाशिवरात्रि की तैयारियां कीं पूरी, पहाड़ी मंदिर का वरीय अधिकारियों ने लिया जायजा
रांची : महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रांची पुलिस अलर्ट मोड पर है। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं पुलिस अधीक्षक यातायात ने रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा महाशिवरात्रि के मद्देनजर की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, श्रद्धालुओं के आने-जाने के मार्गों, जुलूस (शिव बारात) के प्रस्तावित रास्तों का विस्तृत जायजा लिया। साथ ही, ड्यूटी पर तैनात सभी सुरक्षाबलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
महाशिवरात्रि के अवसर पर पहाड़ी मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने और भव्य शिव बारात निकलने की संभावना को देखते हुए पुलिस द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली, पुलिस उपाधीक्षक ट्रैफिक, थाना प्रभारी सुखदेव नगर, थाना प्रभारी ट्रैफिक गोंडा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

















