नेतरहाट में कैथलिक महिला संघ व सभा की बैठक: विधायक भूषण बाड़ा बोले- एकजुटता से समाज का विकास

शंभू कुमार सिंह
नेतरहाट : बीरू भिखारियेट कैथलिक महिला संघ और कैथलिक सभा के सदस्यों ने सोमवार को नेतरहाट की मनोरम वादियों में सामूहिक भ्रमण व बैठक का आयोजन किया। इस अवसर पर विधायक भूषण बाड़ा और जिला परिषद सदस्य सह महिला सभानेत्री जोसिमा खाखा ने सभी को शुभकामनाएं देकर यात्रा के लिए रवाना किया। यात्रा में खंजालोया, सोगड़ा, क्रुसकेला और तामडा पल्ली के लोग शामिल हुए।

नेतरहाट की प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित बैठक में सामाजिक मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और युवा पीढ़ी को सही दिशा देने जैसे विषयों पर विचार-मंथन किया गया। विधायक भूषण बाड़ा ने अपने संबोधन में कहा, “महिला शक्ति समाज की सच्ची आधारशिला है। जब समाज के सभी लोग एकजुट होकर आगे बढ़ते हैं, तो पूरा समाज प्रगति करता है। यह यात्रा और एकजुटता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।” उन्होंने गाँव-गाँव में शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही, महिलाओं से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहकर नेतृत्व की भूमिका निभाने का आह्वान किया।

महिला सभानेत्री सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा, “हमारा संगठन केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की जड़ों को मजबूत करने का कार्य करता है। हमारा लक्ष्य है कि हर गाँव की बेटी शिक्षित हो, हर महिला आत्मनिर्भर बने और हर परिवार खुशहाल रहे।” उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं की एकता समाज की सबसे बड़ी ताकत है और संगठित प्रयासों से कोई भी चुनौती अजेय नहीं है। जोसिमा ने बताया कि महिला संघ जल्द ही शिक्षा, नशा मुक्ति और समाज सुधार के लिए ठोस रणनीति तैयार करेगा।


















