NDA विधायक हेमंत सरकार को कई मुद्दों पर घेरने को तैयार, बाबूलाल मरांडी की बैठक में रणनीति तय
रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में NDA विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र में हेमंत सोरेन सरकार की नाकामियों को जोर-शोर से उठाने और जनता के ज्वलंत मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि पिछले 6 वर्षों में हेमंत सरकार के कुशासन से झारखंड 12 कदम पीछे चला गया है। राज्य वित्तीय रूप से दिवालिया होने की कगार पर पहुंच चुका है। एक साल पहले हुए शिलान्यास वाले प्रोजेक्ट्स पर भी बजट नहीं होने से काम शुरू नहीं हो पाया है।
प्रमुख मुद्दे जिन पर NDA सदन में सरकार को घेरेगा:
छात्रवृत्ति बकाया : आदिवासी, दलित, पिछड़ा एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हजारों छात्रों की पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति महीनों से बकाया है। कई छात्र पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो गए हैं।
परीक्षा शुल्क में भारी वृद्धि : सरकार ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का शुल्क कई गुना बढ़ा दिया है, जिससे गरीब छात्रों के लिए शिक्षा और नौकरी का सपना दूर होता जा रहा है।
धान खरीदी में कोताही : अच्छी फसल होने के बावजूद सरकार ने अभी तक धान क्रय केंद्र नहीं खोले। किसान मजबूरी में बिचौलियों को 1600-1800 रुपये क्विंटल में धान बेचने को विवश हैं। 3200 रुपये प्रति क्विंटल देने का वादा करने वाली सरकार 2400 रुपये में भी खरीद नहीं कर रही।
सात में से कोई गारंटी पूरी नहीं : 450 रुपये में गैस सिलेंडर, 15 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा, 10 लाख नौकरियां जैसे बड़े-बड़े वादे धरे रह गए। जनता के साथ धोखा किया गया है।
नवीन जायसवाल ने कहा, “हेमंत सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। यह धोखेबाज सरकार है। NDA विधायक दल सदन में जनता के इन मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाएगा और सरकार से हर सवाल का जवाब मांगेगा।”
बैठक में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सचेतक नागेंद्र महतो, सीपी सिंह, शशिभूषण मेहता, देवेंद्र कुंवर, जनार्दन पासवान, आलोक चौरसिया, प्रदीप प्रसाद, रोशनलाल चौधरी, नीरा यादव, शत्रुघ्न महतो, अमित यादव, उज्जवल दास, मंजू देवी सहित सभी NDA विधायक उपस्थित रहे।

















