पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6.5 एकड़ अवैध अफीम/पोस्ता की खेती जमींदोज, नशा तस्करों पर सख्ती जारी
मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू जिले में मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन और तस्करी के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान जोरों पर है। दिनांक 09 फरवरी 2026 को पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल लगभग 6.5 एकड़ में फैली अवैध अफीम/पोस्ता की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई वन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसमें ट्रैक्टरों की मदद से फसल को जड़ से उखाड़ा गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में 1.5 एकड़ फसल नष्ट
नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के कऊवल के जंगली इलाके में वन भूमि पर अवैध रूप से लगाई गई करीब 1.5 एकड़ अफीम/पोस्ता की फसल को पुलिस ने तीन ट्रैक्टरों की सहायता से नष्ट किया। इस अभियान में नौडीहा बाजार थाना और कुहकूह कला पुलिस पिकेट की टीम ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।
पांकी थाना क्षेत्र में 5 एकड़ फसल का सफाया
पांकी थाना क्षेत्र के ग्राम पुंडरू एवं आबून के जंगली इलाकों में वन भूमि पर करीब 4 एकड़ तथा गैर-मजरूआ भूमि पर 1 एकड़ (कुल 5 एकड़) में लगी अवैध अफीम/पोस्ता की खेती को पुलिस-वन विभाग की संयुक्त टीम ने नष्ट कर दिया। ताल पुलिस पिकेट के जवानों ने भी इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने बताया कि इन अवैध खेती में शामिल व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। नाम-पते का सत्यापन होने के बाद वन विभाग द्वारा वन अधिनियम के तहत वन वाद दायर किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, खेती और तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले में हाल के महीनों में सैकड़ों एकड़ अफीम की फसल नष्ट की जा चुकी है, जिससे नशा माफिया को करोड़ों का नुकसान हुआ है। पुलिस का मकसद जिले को नशा मुक्त बनाना है।

















