प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार और ओडिशा के दौरे पर, कई विकास परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 20 जून को बिहार और ओडिशा के दो दिवसीय दौरे की शुरुआत करेंगे, जिसके दौरान वह कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। यह दौरा बिहार के सिवान जिले से शुरू होगा, जहां पीएम मोदी दोपहर 12 बजे कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रधानमंत्री अपने बिहार दौरे की शुरुआत सिवान से करेंगे, जहां वे 400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली वैशाली-देवरिया रेल लाइन परियोजना का उद्घाटन करेंगे और इस मार्ग पर नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा, मुजफ्फरपुर और बेतिया के रास्ते पाटलिपुत्र-गोरखपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी रवाना करेंगे। पीएम सिवान के मढ़ौरा संयंत्र में निर्मित रेल इंजन को गिनी गणराज्य के लिए निर्यात के तहत हरी झंडी दिखाएंगे।
इसके अतिरिक्त, पीएम मोदी बिहार में 500 मेगावाट क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (BESS) की आधारशिला रखेंगे, जो मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, बेतिया और सिवान जैसे क्षेत्रों में बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी। साथ ही, वे प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY-U) के तहत 53,600 से अधिक लाभार्थियों को पहली किस्त जारी करेंगे और 6,600 से अधिक पूर्ण हो चुके मकानों के लिए ‘गृह प्रवेश’ समारोह में चाबियां सौंपेंगे। नमामि गंगे परियोजना के तहत 1,800 करोड़ रुपये की लागत से बने छह मलजल उपचार संयंत्रों (STPs) का भी उद्घाटन करेंगे।
बिहार के बाद, प्रधानमंत्री शाम 4:15 बजे ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर पहुंचेंगे, जहां वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस दौरान वे भुवनेश्वर में एक मेगा रोड-शो करेंगे और 18,600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। इनमें पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, सड़क, रेल और कृषि अवसंरचना से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री बौध जिले को राष्ट्रीय रेलवे नेटवर्क से जोड़ने वाली नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे और राजधानी क्षेत्र शहरी परिवहन (CRUT) प्रणाली के तहत 100 इलेक्ट्रिक बसों को रवाना करेंगे, जो पर्यावरण-अनुकूल शहरी गतिशीलता को बढ़ावा देगा। साथ ही, वे ‘ओडिशा विजन 2036’ दस्तावेज जारी करेंगे, जो 2036 तक विकसित ओडिशा और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को रेखांकित करेगा।
21 जून को प्रधानमंत्री आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय समारोह का नेतृत्व करेंगे। समुद्र तट पर आयोजित इस कार्यक्रम में वे लाखों लोगों के साथ सामूहिक योग करेंगे।

















