राहुल गांधी आज चाईबासा एमपी-एमएलए कोर्ट में होंगे पेश, 2018 के मानहानि मामले में होगी सुनवाई
चाईबासा : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज झारखंड के चाईबासा स्थित एमपी-एमएलए विशेष अदालत में पेश होंगे। यह मामला 2018 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। भाजपा कार्यकर्ता प्रताप कटियार ने इस टिप्पणी को मानहानिकारक बताते हुए 9 जुलाई 2018 को चाईबासा की मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दायर किया था। बाद में यह मामला एमपी-एमएलए विशेष अदालत में स्थानांतरित कर दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मामले की शुरुआत 28 मार्च 2018 को कांग्रेस के एक अधिवेशन में राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयान से हुई। शिकायत के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा था कि “कांग्रेस में कोई हत्यारा राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बन सकता, यह केवल भाजपा में संभव है।” इस बयान को प्रताप कटियार ने अपमानजनक और मानहानिकारक बताया। उनके वकील केशव प्रसाद के अनुसार, यह बयान भाजपा और इसके नेताओं की छवि को धूमिल करने वाला था।
राहुल गांधी को इस मामले में कई बार समन जारी किए गए, लेकिन वह पिछले दो वर्षों से कोर्ट में पेश नहीं हुए। इसके चलते चाईबासा कोर्ट ने अप्रैल 2022 में उनके खिलाफ जमानती वारंट और फरवरी 2024 में गैर-जमानती वारंट जारी किया था। राहुल गांधी ने इस वारंट को रद्द करने के लिए झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, लेकिन जस्टिस नील कुमार चौधरी की अदालत ने 6 अगस्त को उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया।
















