राँची जिला प्रशासन की पहल : शीतलहर से राहत के लिए पूरे जिले में हजारों अलाव जलाए जा रहे

राँची जिला प्रशासन की पहल : शीतलहर से राहत के लिए पूरे जिले में हजारों अलाव जलाए जा रहे

Share
Link copied

राँची : राज्य सरकार के निर्देश पर राँची जिला प्रशासन ने लगातार गिरते पारे और शीतलहर को देखते हुए जरूरतमंद लोगों के लिए बड़े पैमाने पर अलाव की व्यवस्था की है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री मंजूनाथ भजन्त्री के सख्त निर्देश पर यह विशेष मुहिम पूरे जिले में चलाई जा रही है।

शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक सभी प्रमुख स्थानों पर अलाव जल रहे हैं। राँची शहर के सभी बड़े चौक-चौराहे, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन परिसर, खुले में सोने वाले बेघर लोगों की बस्तियाँ, मजदूर चौकियाँ तथा रात में ड्यूटी करने वाले लोगों की संख्या वाले स्थान शामिल हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रखंड मुख्यालय, पंचायत भवन परिसर, हाट-बाजार, धार्मिक स्थल के पास और दिहाड़ी मजदूरों की बस्तियों में नियमित रूप से अलाव जलाए जा रहे हैं।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी अंचल अधिकारियों (सीओ) एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) को पहले से ही स्पष्ट निर्देश दे रखे हैं कि लकड़ी एवं कोयले की किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। मौसम की स्थिति बिगड़ने पर तुरंत अतिरिक्त अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त ने कहा, “ठंड के इस मौसम में किसी भी नागरिक, खासकर बेघर लोगों, दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा-ठेला चालकों एवं रात में ड्यूटी करने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

जिला प्रशासन की इस मुहिम से हजारों जरूरतमंद लोगों को शीतलहर से राहत मिल रही है और रात का तापमान लगातार गिरने के बावजूद कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई है।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow