सिमडेगा पुलिस ने कर्मियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सराहा: सहायक अवर निरीक्षक जितेंद्र राय बने “पुलिसमैन ऑफ द वीक”
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : सिमडेगा जिला पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों में उत्साह, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा बढ़ाने के लिए शुरू की गई अनूठी पहल “पुलिसमैन ऑफ द वीक: सिमडेगा पुलिस” के तहत इस बार फरवरी माह के दूसरे सप्ताह में पुलिस अधीक्षक कार्यालय की हिंदी शाखा में प्रतिनियुक्त सहायक अवर निरीक्षक जितेंद्र राय को सम्मानित किया गया है।
एसपी श्रीकांत राव ने एसपी कार्यालय में एक समारोह में जितेंद्र राय को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किया। एसपी ने इस अवसर पर कहा कि यह कार्यक्रम पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाने और बेहतर परिणाम लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे सम्मान से पुलिस बल में लगन, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का विकास होता है।
“पुलिसमैन ऑफ द वीक” पुरस्कार के चयन के लिए कई मापदंड अपनाए जाते हैं, जिनमें उत्कृष्ट ड्यूटी प्रदर्शन, बेहतर टर्नआउट (वर्दी और व्यक्तिगत प्रस्तुति), कर्तव्यपरायणता और सकारात्मक एवं नैतिक सोच शामिल हैं। चयनित पुलिसकर्मी को न केवल पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र मिलता है, बल्कि उनकी तस्वीर संबंधित थाना, ओपी या कार्यालय के सूचना पट पर पूरे सप्ताह प्रदर्शित की जाती है, ताकि अन्य कर्मी भी प्रेरित हों।
सहायक अवर निरीक्षक जितेंद्र राय को उनके उत्कृष्ट टर्नआउट, कर्तव्यनिष्ठा और नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पण के लिए यह सम्मान दिया गया। सिमडेगा पुलिस की यह साप्ताहिक पहल पुलिसकर्मियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा दे रही है, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था और जनसेवा में और सुधार की उम्मीद है।
















