20250826 173037

सिमडेगा पुलिस का ऑपरेशन रेड हंट: चार दशक से फरार लाल वारंटी सहित 10 गिरफ्तार

शंभू कुमार सिंह 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : सिमडेगा पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए शुरू किए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन रेड हंट’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान के पहले चरण में पुलिस ने 10 लाल वारंटियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक लाल वारंटी चार दशक से फरार था। इस ऑपरेशन की शुरुआत सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मोहम्मद अर्शी के नेतृत्व में की गई, जिन्होंने पुलिस जवानों के हौसले को बढ़ाने और कर्तव्यनिष्ठा को प्रोत्साहित करने के लिए यह पहल शुरू की।

एसपी मोहम्मद अर्शी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 15 अगस्त 2025 तक सिमडेगा जिले में लाल वारंटियों की संख्या 314 थी। इसके बाद क्राइम मीटिंग में ऑपरेशन रेड हंट की शुरुआत की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य लंबे समय से फरार चल रहे सभी लाल वारंटियों को गिरफ्तार करना है। इस अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य किया।

ऑपरेशन रेड हंट के पहले चरण में निम्नलिखित 10 लाल वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें सदर थाना क्षेत्र के अमित कुमार बाड़ा, लिबनुस सोरेंग, और असारु खेस, बानो थाना क्षेत्र के जुनूल कांडुलना और मुकुंद महतो, जलडेगा थाना क्षेत्र के कंदरू सिंह और मो. नौशाद खान, ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के भीमसेंट लोहारा, महाबूआंग थाना क्षेत्र के पावल गुड़िया और ओढ़गा ओपी क्षेत्र के जोहन मुंडा शामिल हैं।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लाल वारंटियों में जोहन मुंडा पिछले चार दशक से फरार था, जबकि मुकुंद महतो के खिलाफ तीन लाल वारंट जारी किए गए थे। अन्य वारंटी भी कई दशकों से फरार चल रहे थे। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एसपी मोहम्मद अर्शी ने बताया कि लाल वारंटियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कई वारंटी अपना नाम बदलकर विभिन्न स्थानों पर छिपे हुए थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद और सूक्ष्म जांच के जरिए इनकी पहचान की और कड़ी मेहनत के बाद इन्हें गिरफ्तार किया।

एसपी ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन रेड हंट अभी जारी रहेगा और जिले के सभी लाल वारंटियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह अभियान अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Share via
Send this to a friend