सिमडेगा की बेटी देवंती कुमारी ने MBBS परीक्षा में 54वीं रैंक हासिल कर रचा इतिहास
सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले की आदिवासी गोंड जनजाति से आने वाली प्रतिभाशाली छात्रा देवंती कुमारी ने MBBS प्रवेश परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अनुसूचित जनजाति श्रेणी में राज्य में 54वीं रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार और जिले, बल्कि पूरे झारखंड का मान बढ़ाया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जामबाहर गांव की निवासी देवंती कुमारी एक साधारण किसान परिवार से हैं। उनके पिता लहरू प्रधान एक किसान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद, देवंती ने अपनी लगन और कठिन परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया। उनकी प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से हुई, इसके बाद कोलेबिरा बागे कॉलेज से विज्ञान विषय में इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की, जहां उन्होंने उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए।
डॉक्टर बनने की प्रबल इच्छा और अटूट मेहनत के बल पर देवंती ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में यह शानदार सफलता हासिल की। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे आदिवासी समाज और सिमडेगा जिले के लिए गर्व का विषय है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री व झारखंड प्रदेश गोंड आदिवासी महासभा की अध्यक्ष विमला प्रधान ने देवंती के आवास पर उनसे मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और मुंह मीठा कराया। विमला प्रधान ने कहा, “देवंती ने अपनी मेहनत से पूरे समाज को गौरवान्वित किया है। तुम आगे बढ़ो, पूरा समाज तुम्हारे साथ है। जिले को तुम पर गर्व है।” उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया।

















