खेल निदेशक शेखर जमुवार ने किया एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम का दौरा, हॉकी खिलाड़ियों की सुविधाओं पर दिया जोर
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : झारखंड सरकार के खेल निदेशक शेखर जमुवार ने आज सिमडेगा के एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डे बोर्डिंग हॉकी सेंटर का निरीक्षण कर प्रशिक्षु खिलाड़ियों की सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में उन्होंने खिलाड़ियों के रहने, खाने, पढ़ाई और हॉकी प्रशिक्षण की व्यवस्था को देखा।
शेखर जमुवार ने पाया कि डे बोर्डिंग हॉस्टल की सुविधा खिलाड़ियों के लिए अपर्याप्त है और किचन की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को नए हॉस्टल स्थान के चयन और किचन को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रशिक्षु खिलाड़ियों और उनके कोचों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें जल्द से जल्द हल करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा, “सिमडेगा हॉकी के लिए जाना जाता है। हमारा लक्ष्य यहां की खेल सुविधाओं को और बेहतर करना है, ताकि सिमडेगा के बच्चे हॉकी में और अधिक निखार ला सकें।” इस अवसर पर पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी सुमराय टेटे, जिला खेल पदाधिकारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

















