शिवगंगा सरोवर में लेजर शो के माध्यम से जीवंत हुआ बाबा मंदिर का इतिहास
राजकीय श्रावणी मेला 2025 अपनी आधुनिक तकनीकों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए इस बार विशेष रूप से चर्चा में है। मेले में भक्तों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ लेजर शो का आयोजन मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं को बाबा धाम देवघर में एक अनूठा और भक्तिमय अनुभव प्रदान कर रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इसी कड़ी में, शिवगंगा सरोवर में वाटर प्रोजेक्टर के माध्यम से आयोजित भव्य लेजर शो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस शो में बाबा बैद्यनाथ मंदिर, शिवलिंग की स्थापना और देवघर के समृद्ध इतिहास को दृश्यात्मक रूप से जीवंत किया जा रहा है। संध्या बेला में यह अलौकिक लेजर शो देखने के लिए देश-विदेश से आए श्रद्धालु बड़ी संख्या में एकत्रित हो रहे हैं।
यह पहल न केवल श्रद्धालुओं के लिए भक्तिमय मनोरंजन का साधन बन रही है, बल्कि बाबा धाम के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रही है। मेले में आधुनिक तकनीकों के इस उपयोग से श्रद्धालुओं को एक अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त हो रहा है।

















