सिमडेगा में 2025 की राष्ट्रीय लोक अदालतों से हजारों लोगों को मिली राहत: 97 हजार से अधिक मामलों का निष्पादन
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : जिला विधिक सेवा प्राधिकार के नेतृत्व में वर्ष 2025 में आयोजित चार राष्ट्रीय लोक अदालतों ने सिमडेगा जिले में बड़ी सफलता हासिल की है। इन लोक अदालतों के माध्यम से कुल 97,142 मामलों में से 97,012 मामलों का आपसी समझौते के आधार पर सफल निष्पादन किया गया। इससे हजारों लोगों को वर्षों से लंबित विवादों से राहत मिली तथा कुल 6 करोड़ 46 लाख 31 हजार 876 रुपये की राशि पर समझौता हुआ।
निष्पादित मामलों में 96,347 प्री-लिटिगेशन मामले और विभिन्न न्यायालयों में लंबित 663 मामले शामिल हैं। लोक अदालतों के जरिए लोगों को अदालतों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली और समय-धन दोनों की बचत हुई।
विभिन्न विभागों के मामलों का विवरण
– बैंक रिकवरी: 1225 मामलों में 3 करोड़ 20 लाख रुपये पर समझौता।
– आपराधिक सुलह योग्य: 464 मामले।
– बिजली विभाग: 180 मामले।
– जमीन विवाद: 141 मामले।
– मोटर दुर्घटना: 4 मामले।
– चेक बाउंस: 7 मामले।
– राजस्व संबंधी: 7 लाख 7 हजार 126 रुपये पर समझौता।
वर्ष 2025 में लोक अदालतें 8 मार्च, 10 मई, 13 सितंबर और 13 दिसंबर को आयोजित की गईं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा ने कहा कि विभिन्न विभागों के सहयोग से यह रिकॉर्ड निष्पादन संभव हो सका। उन्होंने न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की सराहना की। श्री सिन्हा ने लोक अदालत को आमजन के लिए सबसे सरल और प्रभावी माध्यम बताया, जहां निःशुल्क, त्वरित और स्थायी समाधान मिलता है तथा निर्णय के विरुद्ध अपील का प्रावधान नहीं होता।
प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों तक न्याय पहुंचाना लक्ष्य है। सभी विभागों के संयुक्त प्रयासों से यह सफलता मिली। वर्ष 2026 में भी चार राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन होगा, जिनकी तिथियां 14 मार्च, 9 मई, 12 सितंबर और 12 दिसंबर निर्धारित हैं।
राष्ट्रीय लोक अदालतें न्याय प्रशासन की उस पहल का प्रतीक हैं जो आमजन को त्वरित और सुलभ न्याय प्रदान करने की दिशा में काम कर रही हैं। सिमडेगा जिले की यह उपलब्धि अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायी है।

















