नगर निकाय चुनाव से भाग रही हेमंत सरकार : सुदर्शन भगत
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : झारखंड में दो वर्षों से अधिक समय से लंबित नगर निकाय चुनावों के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हेमंत सोरेन सरकार पर जोरदार हमला बोला है। सिमडेगा में आयोजित धरना-प्रदर्शन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत ने हेमंत सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया।
सुदर्शन भगत ने कहा कि राज्य में नगर निकाय चुनाव नहीं कराना सरकार की नीयत और नीति दोनों पर सवाल उठाता है। जनप्रतिनिधियों के अभाव में नगर निकाय पूरी तरह अफसरशाही के भरोसे चल रहे हैं, जिससे भ्रष्टाचार अपने चरम पर है और आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।
उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 2018 में रघुवर दास सरकार ने दलीय आधार पर ईवीएम से नगर निकाय चुनाव कराकर लोकतंत्र को मजबूत किया था, लेकिन वर्तमान हेमंत सरकार चुनाव से डर रही है। न्यायालय के निर्देश पर ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद सरकार जानबूझकर चुनाव टाल रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों का खुला उल्लंघन है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार अपनी संभावित हार से भयभीत है, इसलिए नगर निकाय चुनाव को दलीय आधार पर नहीं कराना चाहती। ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की साजिश रची जा रही है, ताकि भ्रष्टाचार और धांधली को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा कि देश डिजिटल युग में आगे बढ़ रहा है, जबकि झारखंड सरकार जनता को पिछड़े सिस्टम की ओर धकेल रही है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि नगर निकाय चुनाव नहीं होने से राज्य को केंद्र सरकार से मिलने वाली करोड़ों रुपये की अनुदान राशि से वंचित होना पड़ रहा है, जिसका सीधा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ रहा है।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा की ओर से महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मांग की गई कि नगर निकाय चुनाव अविलंब दलीय आधार पर और ईवीएम के माध्यम से कराए जाएं। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार लोकतंत्र का गला घोंटना बंद नहीं करती, तो सड़कों से सदन तक संघर्ष तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रणव कुमार ने की। स्वागत भाषण कार्यक्रम सह संयोजक मुकेश श्रीवास्तव ने दिया। मंच संचालन महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक दीपक पुरी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संभु भगत ने किया।
इस अवसर पर श्रद्धानंद बेसरा, ओमप्रकाश साहु, दुर्गविजय सिंहदेव, रामविलास बड़ाईक, संजय ठाकुर, प्रणव कुमार, राकेश, रविकांत, रवि गुप्ता, तुलसी साहु, मार्गरेट बा, अनुप केशरी, हीरा राम, उपेंद्र श्रीवास्तव, अनिरुद्ध सिंह, दीपनारायण दास, घनश्याम केशरी सहित कई नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में अनूप प्रसाद, रेणु पूरी, सीखा अग्रवाल, चंदन प्रसून, कुलदीप मिश्रा, बिधा बड़ाईक, कृष्णा ठाकुर, महावीर बड़ाईक, संजय शर्मा, सुभाष महतो, संटू गुप्ता, करण सिंह, नवीन सिंह, सुरेंद्र प्रसाद, गजानंद बेसरा, मुकेश मिश्रा, अनूप साहू, गणेश रावत, घनश्याम सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।


















