20251214 084406

डीसी और एसपी के नेतृत्व में रामरेखा धाम के वैकल्पिक मार्गों का ट्रैकिंग, पेयजल, विद्युत एवं मोबाइल नेटवर्क की समस्याओं का होगा समाधान

शंभू कुमार सिंह 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले में स्थित प्रसिद्ध तीर्थ एवं पर्यटन स्थल रामरेखा धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं राजकीय रामरेखा महोत्सव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री एम. अर्शी के नेतृत्व में जिला प्रशासन एवं पुलिस टीम ने रामरेखा धाम में एक आवश्यक बैठक का आयोजन किया तथा वैकल्पिक मार्गों का ट्रैकिंग किया।

बैठक डाक बंगला रामरेखा धाम में आयोजित की गई, जिसमें रामरेखा महोत्सव समिति द्वारा कराए गए ऑडिट का अवलोकन किया गया। विभिन्न संभावित आवागमन रूटों की ट्रैकिंग मानचित्र के आधार पर की गई। रामरेखा परिसर में पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति तथा मोबाइल कनेक्टिविटी की मौजूदा समस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई।

इसके बाद महोत्सव के दौरान अपेक्षित भीड़ के सुगम आवागमन के लिए विभिन्न रूटों का मौके पर निरीक्षण एवं ट्रैकिंग किया गया। रामरेखा ग्राम के लालपुर से डाक बंगला तथा प्रशासनिक भवन तक पगडंडी को आवागमन योग्य बनाने की संभावना का आकलन किया गया। कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण को नए मानचित्र तैयार करने का निर्देश दिया गया, जिसमें आवागमन मार्ग, पार्किंग स्थल, कार्यक्रम स्थल, मुख्य मंदिर के प्रवेश-निकासी एवं प्रशासनिक भवन की कनेक्टिविटी शामिल हो। लालपुर एवं पालेडीह में पार्किंग व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी विचार विमर्श हुआ।

कार्यक्रम स्थल के दक्षिण में कादो पानी सड़क तक पहुंच पथ जोड़ने से भीड़ की निकासी में सुविधा होगी, इसका भी निरीक्षण किया गया। पेयजल की बाधाओं को दूर करने, बिजली कनेक्टिविटी बढ़ाने तथा मोबाइल टावर की समस्या के समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया।

बैठक एवं ट्रैकिंग में अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, गोपनीय प्रभारी समीर रेनिर खलखो, पुलिस उपाधीक्षक रणवीर कुमार सिंह, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता मुकेश कुमार, कार्यपालक अभियंता विद्युत मनीष पूर्ति, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पलटू महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारी पाकरटांड निशा तिर्की, थाना प्रभारी, मुखिया, रामरेखा धाम के प्रधान संरक्षक दुर्गविजय सिंह देव, अध्यक्ष, सचिव एवं समिति सदस्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

रामरेखा धाम भगवान राम, माता सीता एवं लक्ष्मण से जुड़ा पवित्र स्थल है, जहां हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर राजकीय महोत्सव आयोजित होता है तथा हजारों श्रद्धालु आते हैं। प्रशासन की यह पहल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

Share via
Share via