सिमडेगा: 52 लाख 61 हजार 500 रुपये में मोहम्मद शकीर को मिली ऐतिहासिक गांधी मेले की बंदोबस्ती
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा जिले के महात्मा गांधी मैदान में गणतंत्र दिवस के अवसर पर लगने वाले ऐतिहासिक गांधी मेले की बंदोबस्ती की नीलामी शनिवार को नगर परिषद सभागार में पूरी हुई। तीन ठेकेदारों की भागीदारी वाली इस बोली प्रक्रिया में मोहम्मद शकीर ने सर्वाधिक 52 लाख 61 हजार 500 रुपये की बोली लगाकर मेले की बंदोबस्ती हासिल कर ली।
नीलामी प्रक्रिया की शुरुआत 52 लाख 40 हजार 550 रुपये से हुई। कुल 9 चरणों की बोली के बाद मोहम्मद शकीर ने सबसे ऊंची बोली लगाई। अन्य बोलीदाता सत्यनारायण कुमार और सत्यनारायण प्रसाद थे।
यह मेला सिमडेगा की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसका इतिहास भारत के गणतंत्र दिवस से जुड़ा हुआ है। 26 जनवरी 1950 को भारत के गणतंत्र राष्ट्र घोषित होने के ठीक उसी दिन महात्मा गांधी मैदान में इस मेले की शुरुआत हुई थी। तब से हर वर्ष यह मेला आयोजित होता आ रहा है और लाखों लोग इसमें शामिल होते हैं।
बंदोबस्ती कार्यक्रम में सदर सीओ इम्तियाज अहमद, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद तिर्की सहित कई अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


















