केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने झारखंड मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से की मुलाकात, कोयला खनन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा

केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने झारखंड मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से की मुलाकात, कोयला खनन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा

Share
Link copied

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी ने औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान राज्य सरकार, कोयला मंत्रालय तथा कोल इंडिया की अनुषंगी इकाइयों के अधिकारियों के बीच कोयला खनन एवं इससे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और विस्तृत चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान झरिया मास्टर प्लान, बेलगड़िया टाउनशिप परियोजना, सरकारी भूमि मुआवजा, खनन कार्य पूर्ण होने के बाद भूमि की वापसी, रैयतों को मुआवजा एवं नौकरी, विस्थापितों का पुनर्वास, सीएसआर फंड का उपयोग, कोयला परियोजनाओं में आ रही बाधाओं का समाधान तथा अवैध खनन पर नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झरिया मास्टर प्लान एवं बेलगड़िया टाउनशिप परियोजना एक महत्वपूर्ण पहल है। इन परियोजनाओं के माध्यम से विस्थापित परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जा सकेगा। उन्होंने झरिया मास्टर प्लान के लिए पूर्णकालिक सीईओ की शीघ्र नियुक्ति पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से कोयला खनन से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर बल दिया।

चर्चा में खनिजों पर मिलने वाली रॉयल्टी, विस्थापितों का पुनर्वास, नौकरी एवं मुआवजा, सरकारी भूमि पर जमाबंदी संबंधी नीतिगत निर्णय, खनन कार्य पूरा होने के बाद भूमि की वापसी, रिकॉन्सिलिएशन कार्य में राज्य सरकार की सहायता, स्थानीय लोगों को रोजगार तथा सीएसआर फंड के प्रभावी उपयोग जैसे मुद्दों पर सहमति बनी।

इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, केंद्रीय कोयला मंत्री के निजी सचिव पंकज जैन, कोल इंडिया के अध्यक्ष बी. साईराम, सलाहकार बी. वीरा रेड्डी, सीएमडी सीसीएल एन.के. सिंह, सीएमडी बीसीसीएल मनोज अग्रवाल, सीएमपीडीआईएल के शिव राज सिंह, जीएम सीसीएल एस.के. झा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow