बाबा मंदिर के 18 दानपात्रों से निकले 26.94 लाख रुपये, विदेशी मुद्रा भी मिली

देवघर : बाबा मंदिर प्रांगण स्थित सभी दानपात्रों को मंगलवार को मंदिर प्रशासन की देखरेख में खोला गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि मंदिर परिसर में स्थापित कुल 18 दानपात्रों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खोला गया और उनमें प्राप्त राशि की गणना की गई।
गणना के दौरान दानपात्रों से कुल 26,94,813 रुपये नकद प्राप्त हुए। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा दान स्वरूप 865 नेपाली रुपये और 2 अमेरिकी डॉलर भी मिले। मंदिर प्रशासन के अनुसार दानपात्रों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खोला गया। दानपात्रों से निकाली गई राशि को मंदिर प्रशासनिक भवन में ले जाकर गिनती की गई। पूरी प्रक्रिया मंदिर प्रशासन की निगरानी में संपन्न हुई।
प्रशासन ने बताया कि बाबा मंदिर में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु नियमित रूप से दान करते हैं, जिसके कारण दानपात्रों में बड़ी मात्रा में नकद राशि के साथ विदेशी मुद्रा भी प्राप्त होती है।।मंदिर प्रशासन ने दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राप्त राशि का उपयोग मंदिर व्यवस्था और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा।

















