15 जून तक पूरा करें मतदाता सूची मैपिंग कार्य : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

रांची : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि 15 जून 2026 तक मतदाताओं की मतदाता सूची मैपिंग का कार्य हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सही तरीके से मैप किए गए मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान सामान्यतः अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी।
मंगलवार को निर्वाचन सदन से आयोजित ऑनलाइन समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है, उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। हालांकि, ऐसे मतदाताओं को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। दावा एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गलत मैपिंग वाले मतदाताओं को भी अनमैप्ड मतदाताओं की तरह ही प्रक्रिया से गुजरना होगा। ऐसे मामलों को एनोमली केस के रूप में चिह्नित कर ERO द्वारा सुनवाई के बाद आदेश पारित किया जाएगा। साथ ही अनमैप्ड मतदाताओं की सूची में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट और गैर-नागरिक श्रेणी के मतदाताओं की पहचान करने को भी कहा गया।
के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केवल पात्र भारतीय नागरिक ही इस प्रक्रिया में शामिल हों और गैर-भारतीय नागरिकों की भागीदारी न हो।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मैपिंग, एसआईआर प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन्यूमरेशन फॉर्म में बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर अंकित रहेगा तथा 15 जून के बाद बीएलओ नहीं बदले जाएं। उन्होंने कम मैपिंग वाले बीएलओ से सीधे संवाद कर कारणों की जानकारी ली और उनके क्षमता संवर्धन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि 15 जून तक फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 से संबंधित सभी लंबित मामलों का निपटारा कर पेंडेंसी शून्य करें।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।

















