पीएम मोदी की तीन देशों की यात्रा: साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया के साथ भारत के रिश्ते होंगे मजबूत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 15 से 19 जून तक तीन देशों साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की महत्वपूर्ण विदेश यात्रा पर रवाना हुए। ऑपरेशन सिंदूर के बाद उनकी यह पहली विदेश यात्रा है, जिसे द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने और भारत के यूरोपीय संघ तथा भूमध्यसागरीय क्षेत्र के साथ जुड़ाव को मजबूत करने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
यात्रा के दौरान पीएम मोदी कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जहां वैश्विक मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ वह कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। यह बैठक दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग को नई दिशा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण होगी।
साइप्रस और क्रोएशिया की यात्रा का उद्देश्य भारत के साथ इन देशों के आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को और गहरा करना है। साइप्रस के साथ भारत का ध्यान भूमध्यसागरीय क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर होगा, जबकि क्रोएशिया के साथ यूरोपीय संघ के ढांचे में रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।


















