रांची में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक शुरू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कर रहे अध्यक्षता
झारखंड की राजधानी रांची के रेडिसन ब्लू होटल में आज पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक शुरू हो गई है। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कर रहे हैं। बैठक में झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के प्रतिनिधि शामिल हैं, जिनमें झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पश्चिम बंगाल की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य सहित लगभग 70 प्रतिनिधि मौजूद हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक में क्षेत्रीय समन्वय, सुरक्षा, बुनियादी ढांचे, विकास योजनाओं, सीमा विवाद, कानून व्यवस्था और नक्सल समस्या जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो रही है। झारखंड सरकार इस अवसर पर केंद्र से 1.36 लाख करोड़ रुपये के बकाया भुगतान, होटल अशोक जैसी संपत्तियों के स्वामित्व और जल जीवन मिशन के तहत 6 हजार करोड़ रुपये की मांग उठा सकती है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार देर रात रांची पहुंचे, जहां रांची एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसमें रेडिसन ब्लू होटल और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात है। शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है, और डोरंडा क्षेत्र को वीआईपी जोन घोषित किया गया है।
पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक का एजेंडा 20 बिंदुओं पर केंद्रित है, जिसमें बिहार और झारखंड के बीच परिसंपत्तियों और देनदारियों के बंटवारे जैसे लंबित मुद्दों पर भी चर्चा होगी। झारखंड सरकार द्वारा केंद्र से विशेष अनुदान और एसआरइ फंड की बहाली की मांग भी उठाए जाने की संभावना है। यह बैठक क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने और पूर्वी क्षेत्र के राज्यों के विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

















