जलजमाव से त्रस्त कपाली नगर परिषद के लोग, सड़क जाम कर जताया विरोध

जलजमाव से त्रस्त कपाली नगर परिषद के लोग, सड़क जाम कर जताया विरोध

Share
Link copied

सरायकेला : सरायकेला जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में बारिश के बाद जलजमाव की समस्या से परेशान स्थानीय निवासियों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर नगर परिषद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद के गठन को कई साल बीत चुके हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाओं का अभाव अब भी बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के बाद जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं, जिससे आवागमन में भारी दिक्कत होती है। 15 सूत्री सदस्य मोहम्मद मोहसिन ने कहा कि आखिर कब तक हम गांव जैसी जिंदगी जीते रहेंगे? नगर परिषद क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद न तो बच्चों को स्कूल जाने में सुविधा है और न ही बुजुर्गों व मरीजों को आने-जाने में आसानी।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जनप्रतिनिधियों पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था सहित बुनियादी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow