रामगढ़ में ट्रांसजेंडर समूह के लिए सम्मान समारोह व पहचान पत्र वितरण
रामगढ़: समाज में ट्रांसजेंडर समूह को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से रामगढ़ जिला प्रशासन ने समाहरणालय सभाकक्ष में एक सम्मान समारोह सह ट्रांसजेंडर पहचान पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने कहा कि जिला प्रशासन ट्रांसजेंडर समूह को समाज की मुख्यधारा में शामिल करने और उनके लिए सम्मानित जीवन सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों से उनकी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की और उनके मुद्दों को समझने का प्रयास किया। उन्होंने समाहरणालय के विभिन्न विभागों में दैनिक मजदूरी दर पर ट्रांसजेंडर समूह के लोगों को रोजगार प्रदान करने का निर्देश दिया। साथ ही, समाहरणालय और रामगढ़ बस स्टैंड में ट्रांसजेंडर शौचालय निर्माण का आदेश भी दिया गया।
सम्मान समारोह में उपस्थित ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को शॉल ओढ़ाकर और पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान 18 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को पहचान पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
















